शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: पति और ननद गिरफ्तार

शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: पति और ननद गिरफ्तार


देहरादून। डोईवाला क्षेत्र में शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके पति सौरभ खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच अभी जारी है।


पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। टीम ने शिकायत, गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
मामले में श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने 29 जुलाई को डोईवाला कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। शादी के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।


शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि पति, सास और ननद की प्रताड़ना के कारण सृष्टि की मौत हुई। जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। मृतका की मां द्वारा उपलब्ध कराया गया एक वीडियो भी जांच में शामिल किया गया है, जिसकी भी पड़ताल की जा रही है।


जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उनकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।