CM धामी ने की पांच विधानसभाओं की सीएम घोषणाओं की समीक्षा

CM धामी ने की पांच विधानसभाओं की सीएम घोषणाओं की समीक्षा

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों में की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर आम जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने हेली एंबुलेंस सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में विभागीय समन्वय की कमी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रस्तावों के हस्तांतरण में देरी होने पर संबंधित विभागों की जिम्मेदारी तय की जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि विधायकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का संबंधित विभागीय सचिव प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें। वन विभाग से जुड़े लंबित मामलों की अलग से समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए।
मानसून से पहले तैयारियों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्य समय पर पूरे किए जाएं।

आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही कमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर होटल एसोसिएशन के साथ नियमित बैठक कर समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।

बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, आशा नौटियाल, विनोद कंडारी सहित वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे।