बदरीनाथ। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पांच दिवसीय दिव्य दरबार बुधवार से बदरीनाथ धाम में शुरू होने जा रहा है। 27 मई से 31 मई तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और देशभर से भक्तों का धाम पहुंचना शुरू हो गया है।
आयोजन समिति के अनुसार कथा का आयोजन अराइवल प्लाजा परिसर में किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर दो बजे से धीरेंद्र शास्त्री श्रद्धालुओं को हनुमान कथा का श्रवण कराएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्य जल कलश यात्रा के साथ होगा।
कथा के दौरान हनुमान कथा के साथ भजन संध्या और सनातन जागरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
आयोजन को देखते हुए बदरीनाथ धाम क्षेत्र में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। होटल, धर्मशालाओं और अन्य ठहराव स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं का मानना है कि इस आयोजन से बदरीनाथ धाम का आध्यात्मिक और धार्मिक वातावरण और अधिक भक्तिमय होगा।