दिल्ली अग्निकांड मामला: CM धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की बात, केशव नेगी परिवार को दिया भरोसा

दिल्ली अग्निकांड मामला: CM धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से की बात, केशव नेगी परिवार को दिया भरोसा

देहरादून। दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड मामले में उत्तराखंड निवासी केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पूरे मामले की जांच तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दिल्ली सरकार और संबंधित जांच एजेंसियां निष्पक्ष जांच के जरिए सच्चाई को सामने लाएंगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने केशव नेगी की पुत्री कनिष्का नेगी से भी फोन पर बातचीत की और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने प्रवासी उत्तराखंडवासियों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में रह रहे उत्तराखंड के लोगों के साथ राज्य सरकार मजबूती से खड़ी है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने परिवार को धैर्य बनाए रखने का संदेश देते हुए भरोसा दिलाया कि मामले में न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।