उत्तराखंड में नर्सिंग अधिकारियों के 196 पदों पर भर्ती, 12 जून से शुरू होंगे आवेदन

उत्तराखंड में नर्सिंग अधिकारियों के 196 पदों पर भर्ती, 12 जून से शुरू होंगे आवेदन

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में रिक्त चल रहे 196 नर्सिंग अधिकारी (Nursing Officer) पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस संबंध में उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी है।

बोर्ड के अनुसार भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 12 जून 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-7 वेतनमान के तहत ₹44,900 से ₹1,42,400 प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

वर्गवार पदों का विवरण

भर्ती अभियान के तहत कुल 196 पद भरे जाएंगे। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 153, अनुसूचित जाति के लिए 21, अनुसूचित जनजाति के लिए 4, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 11 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 7 पद आरक्षित किए गए हैं।

पुरुष और महिला दोनों कर सकेंगे आवेदन

भर्ती प्रक्रिया में डिप्लोमा और डिग्री धारक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। पदों का वर्गीकरण डिप्लोमा और डिग्री धारकों के लिए अलग-अलग किया गया है। महिला अभ्यर्थियों के लिए 157 और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए 39 पद निर्धारित किए गए हैं।

आयु सीमा और शुल्क

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 जुलाई 2025 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

आवेदन शुल्क सामान्य एवं ओबीसी वर्ग के लिए ₹300 तथा ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी एवं दिव्यांग वर्ग के लिए ₹150 तय किया गया है।

संशोधन का भी मिलेगा मौका

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर भी दिया जाएगा। उम्मीदवार 4 जुलाई से 7 जुलाई 2026 शाम 5 बजे तक अपने आवेदन में आवश्यक बदलाव कर सकेंगे।

युवाओं के लिए बड़ा अवसर

स्वास्थ्य विभाग में स्थायी सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती सुनहरा अवसर मानी जा रही है। आकर्षक वेतनमान और सरकारी सुविधाओं के चलते बड़ी संख्या में उम्मीदवारों के आवेदन करने की संभावना है। इच्छुक अभ्यर्थी 12 जून से UKMSSB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।