मसूरी। बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी अपनी आगामी एक्शन फिल्म ‘गन मास्टर जी9’ की शूटिंग के लिए मसूरी पहुंचे। उनके पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक शूटिंग स्थल पर जुट गए। अभिनेता को करीब से देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बुधवार को मसूरी के प्रसिद्ध लाइब्रेरी चौक और मॉल रोड पर फिल्म के एक गीत की शूटिंग की गई। शूटिंग के दौरान इमरान हाशमी के साथ अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा भी मौजूद रहीं। दोनों कलाकारों पर फिल्म का गाना फिल्माया गया।
शूटिंग के बीच इमरान हाशमी ने अपने प्रशंसकों के लिए समय निकाला और कई लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इससे उनके चाहने वालों की खुशी और बढ़ गई। प्रशंसकों ने इसे अपने लिए यादगार पल बताया।
शूटिंग स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि फिल्मांकन में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके बावजूद स्थानीय लोगों और पर्यटकों में शूटिंग को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर आशीष कनौजिया ने बताया कि ‘गन मास्टर जी9’ की शूटिंग मसूरी के कई प्रमुख स्थलों पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड, विशेषकर मसूरी, फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बनता जा रहा है और लगातार बॉलीवुड से शूटिंग के लिए संपर्क किए जा रहे हैं।
मसूरी की खूबसूरत वादियों में हो रही इस शूटिंग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उत्तराखंड फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से उभर रहा है।