देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में तैनात निजी सचिव की पत्नी सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए CBCID जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। अब इस मामले की जांच स्थानीय पुलिस के बजाय CBCID करेगी।
जानकारी के अनुसार, सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला निवासी एवं उत्तराखंड सचिवालय में तैनात निजी सचिव सौरभ खत्री से हुई थी।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का यह भी कहना है कि ससुर की मृत्यु के बाद उसे “मनहूस” कहकर अपमानित किया गया।
29 जुलाई 2026 को सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दहेज मृत्यु सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राज्य सरकार जल्द ही मामले की जांच CBCID को सौंपने का औपचारिक आदेश जारी करेगी। आदेश जारी होने के बाद पूरी विवेचना CBCID के जिम्मे होगी। इस हाई-प्रोफाइल मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई को लेकर सभी की नजरें जांच एजेंसी की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।