देवप्रयाग महाविद्यालय में ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत अभियान’ का आयोजन, छात्रों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

देवप्रयाग महाविद्यालय में ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत अभियान’ का आयोजन, छात्रों ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

देवप्रयाग। ओंकारानंद सरस्वती राजकीय महाविद्यालय, देवप्रयाग में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी संकल्प “नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत अभियान” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नर्वदेश्वर शुक्ला के नेतृत्व तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश के संचालन में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्ति दौड़ से हुई, जिसमें एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के नशा मुक्ति अभियान से संबंधित संबोधन का लाइव प्रसारण देखा और सुना।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने समाज और राष्ट्र को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से मुक्त बनाने तथा युवाओं को जागरूक करने का सामूहिक संकल्प लिया।

प्राचार्य प्रो. नर्वदेश्वर शुक्ला ने कहा कि युवा वर्ग देश की सबसे बड़ी शक्ति है और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश, महाविद्यालय कर्मचारी सूरज, नरेंद्र और संदीप सहित एनएसएस के स्वयंसेवक अभिनव, तुषार, आर्यन, आयुष, संतोषी, राहुल, आंचल एवं अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।