देहरादून। राजधानी देहरादून के लोगों को जल्द ही प्रकृति, फिटनेस और मनोरंजन का नया केंद्र मिलने जा रहा है। राजपुर रोड स्थित ऐतिहासिक राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा राष्ट्रपति उद्यान अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में जॉगिंग ट्रैक, साइकिलिंग ट्रैक, ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, स्पोर्ट्स जोन और विशाल लीची गार्डन जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक शुक्रवार को निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।
स्वास्थ्य, पर्यटन और मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा उद्यान
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति उद्यान केवल एक हरित क्षेत्र नहीं होगा, बल्कि यह स्वास्थ्य, पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां विकसित की जा रही सभी सुविधाएं आम नागरिकों और पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने के उद्देश्य से तैयार की जा रही हैं।
इन सुविधाओं से सजेगा राष्ट्रपति उद्यान
अधिकारियों के अनुसार परियोजना के तहत—
- 2700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग और वॉकिंग ट्रैक
- 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक
- आधुनिक थीम पार्क
- कैफेटेरिया और फूड कोर्ट
- 800 दर्शकों की क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर
- योगा पवेलियन
- व्यूइंग और वाटरफॉल डेक
- आधुनिक स्पोर्ट्स जोन
- विशाल लीची गार्डन
- तीन भव्य प्रवेश द्वार
- अत्याधुनिक पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में
अधिकारियों ने बताया कि विद्युत विभाग का लगभग 80 प्रतिशत और उद्यान विभाग का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं स्पोर्ट्स जोन का लगभग 50 प्रतिशत निर्माण भी पूरा हो गया है।
यह परियोजना केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) की देखरेख में केबीजी इंजीनियर्स द्वारा तैयार की जा रही है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्माण एजेंसी को सभी तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रपति उद्यान के पूरा होने के बाद यह देहरादून के प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थलों में शामिल होगा तथा स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का नया केंद्र बनेगा।