21 वर्षीय महिला तस्कर मुस्कान के पास से 37 ग्राम स्मैक और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद, पहले भी NDPS एक्ट में जा चुकी है जेल
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के नशा विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय महिला तस्कर मुस्कान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 37 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 11.10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला स्मैक खरीदकर आगे बेचने की फिराक में थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने नशा तस्करी से जुड़े कई अहम तथ्य बताए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुस्कान पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है, इसके बावजूद वह दोबारा नशा तस्करी में सक्रिय हो गई थी।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क से जुड़ी थी और स्मैक की सप्लाई कहां से हो रही थी।
उत्तराखंड पुलिस ने कहा है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत प्रदेशभर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।