उत्तराखंड के युवाओं को बड़ा तोहफा, अब घर बैठे मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

उत्तराखंड के युवाओं को बड़ा तोहफा, अब घर बैठे मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने जा रही है। प्रदेश सरकार ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना का शुभारंभ करेंगे।

इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। योजना का लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को मिलेगा।

UPSC से SSC और बैंकिंग तक की तैयारी
योजना के तहत युवाओं को सिविल सर्विसेज (UPSC और PCS), रक्षा सेवाओं (CDS), बैंकिंग, रेलवे, SSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।

घर बैठे मिलेगी गुणवत्तापूर्ण कोचिंग
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि विद्यार्थियों को घर बैठे निशुल्क कोचिंग की सुविधा मिल सकेगी। सरकार का उद्देश्य ऐसे छात्रों की मदद करना है, जो आर्थिक कारणों से महंगी निजी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते हैं।
खास तौर पर प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए यह योजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ऑनलाइन माध्यम से कोचिंग उपलब्ध होने से इन क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़े शहरों में जाए बिना विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री मिल सकेगी।

युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर अवसर
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को लेकर विचार-विमर्श किया गया था। अब प्रदेश सरकार इसे धरातल पर उतारने की तैयारी कर रही है। योजना के माध्यम से सरकार का लक्ष्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर तैयारी का अवसर देना और उन्हें रोजगार एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद करना है।