देहरादून। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19 और 20 अगस्त को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। उपराष्ट्रपति के देहरादून और मसूरी में प्रस्तावित कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने वीवीआईपी ट्रैफिक प्लान जारी किया है। निर्धारित समय में कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालकों को रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर देख लेने की सलाह दी गई है।
19 अगस्त को IGNFA में कार्यक्रम
19 अगस्त को उपराष्ट्रपति देहरादून स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (IGNFA) पहुंचेंगे। यहां वह भारतीय वन सेवा के 2025-27 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करेंगे।
इस दौरान दोपहर 1 बजे से शाम 3:30 बजे तक वीवीआईपी यातायात व्यवस्था के तहत विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा।
20 अगस्त को मसूरी में कार्यक्रम
20 अगस्त को उपराष्ट्रपति मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) में आईएएस प्रोफेशनल कोर्स के फेज-2 के वैलिडिक्टरी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस दौरान सुबह 8:30 से 10:30 बजे और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक यातायात डायवर्ट रहेगा। उपराष्ट्रपति अकादमी में सरदार वल्लभभाई पटेल और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि भी अर्पित करेंगे।
इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
ऋषिकेश से देहरादून/मसूरी:
ऋषिकेश से आने वाले वाहन रानीपोखरी-भोगपुर, थानों, 6 नंबर पुलिया, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होकर देहरादून जाएंगे। मसूरी जाने वाले वाहन सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होकर जाएंगे।
हरिद्वार से देहरादून/मसूरी:
वाहन भानियावाला फ्लाईओवर सर्विस लेन, डोईवाला चौक, दूधली मार्ग और कारगी चौक होकर देहरादून जाएंगे। मसूरी जाने वाले वाहन कारगी चौक, ISBT, शिमला बाईपास, GMS रोड, कैंट और अनारवाला होकर जाएंगे।
आशारोड़ी/प्रेमनगर से मसूरी:
वाहन ISBT, शिमला बाईपास, GMS रोड, बल्लूपुर चौक, कैंट और अनारवाला होकर मसूरी जाएंगे।
देहरादून से हरिद्वार/ऋषिकेश:
वाहन कारगी चौक, दूधली मार्ग, डोईवाला चौक, भानियावाला सर्विस लेन, लालतप्पड़ और नेपाली फार्म तिराहा होकर जाएंगे।
मसूरी से हरिद्वार/ऋषिकेश:
वाहन जेपी बैंड, बार्लोगंज, कुठालगेट, ओल्ड मसूरी रोड, साईं मंदिर, काठ बंगला पुलिया, किरशाली चौक, आईटी पार्क, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, 6 नंबर पुलिया, महाराणा प्रताप चौक और थानों रोड होकर गंतव्य की ओर जाएंगे।
ईसी रोड से मसूरी:
सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, आईटी पार्क और साईं मंदिर होकर वाहन मसूरी जाएंगे।
घंटाघर से मसूरी:
ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर के रास्ते यातायात संचालित होगा।
हाथीबड़कला/दिलाराम से मसूरी:
दिलाराम, ग्रेट वैल्यू, कैनाल रोड, काठ बंगला पुल और साईं मंदिर होकर वाहन मसूरी जाएंगे।
ये होंगे प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट
भोगपुर तिराहा (रानीपोखरी), भानियावाला फ्लाईओवर, दूधली रोड, कारगी चौक, शिमला बाईपास चौक, एनेक्सी तिराहा, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग, साईं मंदिर राजपुर रोड, दिलाराम चौक, ग्रेट वैल्यू तिराहा, साईं मंदिर तिराहा और कुठालगेट तिराहे पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वीवीआईपी दौरे के दौरान निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें और जरूरी होने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।