देहरादून। केंद्रीय अकादमी राज्य वन सेवा, देहरादून में 38वें राज्य वन सेवा प्रशिक्षण कार्यक्रम (2024-2026 बैच) का दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद देश को 28 नए राज्य वन सेवा अधिकारी मिले।
इस बैच में छत्तीसगढ़ के चार, कर्नाटक के 17, मध्य प्रदेश के छह और उत्तर प्रदेश के एक अधिकारी शामिल हैं। खास बात यह है कि बैच में 12 महिला अधिकारी भी शामिल हैं।
वन अनुसंधान संस्थान में हुआ दीक्षांत समारोह
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर वन अनुसंधान संस्थान (FRI) के सभागार में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वीरेंद्र आर. तिवारी, भा.व.से. (सेवानिवृत्त), अध्यक्ष, राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण, नई दिल्ली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान अधिकारियों को प्रशिक्षण पूरा करने पर शुभकामनाएं दी गईं और वन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
वन संरक्षण में निभाएंगे अहम भूमिका
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को वन प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण समेत वन सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों का प्रशिक्षण दिया गया। अब ये अधिकारी अपने-अपने राज्यों में वन एवं पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी संभालेंगे।