अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार, राष्ट्रीय खेल दिवस पर  होगा सम्मान

अभिनव देशवाल और अंकिता ध्यानी को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार, राष्ट्रीय खेल दिवस पर होगा सम्मान


देहरादून। उत्तराखंड के युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और भारतीय धावक अंकिता ध्यानी को प्रतिष्ठित देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग ने राज्य के खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। दोनों खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।


अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 और अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों को 29 अगस्त यानी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।


चार खिलाड़ियों को मिलेगा हिमालय रत्न खेल पुरस्कार
शासन के आदेश के अनुसार वर्ष 2025-26 के लिए चार खिलाड़ियों को हिमालय रत्न खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इनमें बागेश्वर की ममता खाती (मॉडर्न पेंटाथलॉन), काशीपुर के सक्षम प्रताप सिंह (ऊधमसिंह नगर), रुड़की के पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और पिथौरागढ़ की बॉक्सर खुशी चंद्र शामिल हैं।


कोचों को भी मिलेगा द्रोणाचार्य पुरस्कार
खेलों में खिलाड़ियों को तैयार करने वाले प्रशिक्षकों को भी पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। धर्मावाला, देहरादून निवासी रोइंग कोच मुकेश शर्मा को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं वर्ष 2024-25 के लिए पौड़ी गढ़वाल की धावक अंकिता ध्यानी और एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा हल्द्वानी, नैनीताल के मुकेश चंद्र बेलवाल को बॉक्सिंग में उत्कृष्ट योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।


2024 के हिमालय रत्न के लिए नहीं मिला आवेदन
शासन के आदेश के मुताबिक वर्ष 2024 के हिमालय रत्न खेल पुरस्कार के लिए विभाग को कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ। वहीं देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार के लिए तीन और द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए पांच आवेदन विभाग को मिले थे।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर होने वाला यह सम्मान समारोह उत्तराखंड के खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों के लिए खास अवसर होगा।