देहरादून। पावन अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 2026 का भी विधिवत शुभारंभ हो गया।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से चलकर गंगोत्री धाम पहुंची। यहां विशेष पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।
कपाटोद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और देव डोली से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा संपन्न कराई और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं चारधाम यात्रा के सफल आयोजन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं और यहां दर्शन करने की इच्छा हर श्रद्धालु के मन में रहती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाएं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है, ताकि किसी को असुविधा न हो। साथ ही मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से ‘ग्रीन और क्लीन’ चारधाम यात्रा को सफल बनाने के लिए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील भी की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।