देहरादून। राजधानी के दून अस्पताल में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। आरोप है कि एसटीआई (यौन संचारित संक्रमण) विभाग के एक काउंसलर ने जांच और काउंसलिंग के बहाने महिला के साथ अभद्रता की और बाद में उसे अस्पताल के बेसमेंट में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला कुछ दिन पहले महिला एवं प्रसूति रोग विभाग में उपचार के लिए अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सकीय परामर्श के बाद उसे फॉलोअप जांच और दवा के लिए दोबारा बुलाया गया था। आरोप है कि एसटीआई विभाग में मौजूद काउंसलर ने जांच के दौरान अनुचित व्यवहार किया।
पीड़िता के मुताबिक जांच के दौरान कमरे की बिजली चली गई और आरोपी ने कथित रूप से अभद्र हरकतें कीं। विरोध करने पर आरोपी महिला को अस्पताल के बेसमेंट में ले गया, जहां उसने कपड़े उतारने के लिए कहा। खुद को असुरक्षित महसूस होने पर महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला।
महिला की आवाज सुनकर आसपास लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने आरोपी कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। मामले की जांच महिला सेल को सौंप दी गई है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।