देहरादून। 38वें राष्ट्रीय खेलों में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड के लिए 130 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। शिक्षा विभाग ने स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों की नियुक्ति के लिए सहायक अध्यापक (व्यायाम) के पद को डाउनग्रेड करने पर सहमति दे दी है, जिससे लंबे समय से अटका मामला आगे बढ़ गया है।
विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा ने बताया कि खिलाड़ियों की नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग की सहमति का इंतजार था, जो अब मिल गया है। अन्य संबंधित विभाग पहले ही आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के लिए अपनी सहमति दे चुके हैं।
243 खिलाड़ियों को मिलेगी सरकारी नौकरी
38वें राष्ट्रीय खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड ने 130 पदक जीतकर पदक तालिका में 25वें स्थान से सातवें स्थान तक का सफर तय किया था। अब पदक जीतने वाले कुल 243 खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति दी जाएगी।
स्वर्ण पदक विजेताओं की नियुक्ति में थी अड़चन
रजत और कांस्य पदक विजेताओं के लिए विभिन्न विभागों में 2000 और 2800 ग्रेड वेतन वाले पद उपलब्ध थे, लेकिन स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए 4200 ग्रेड वेतन वाले पद को लेकर समस्या बनी हुई थी। इस बाधा को दूर करने के लिए खेल विभाग ने शिक्षा विभाग से सहायक अध्यापक (व्यायाम) के पद को डाउनग्रेड करने का प्रस्ताव भेजा था, जिस पर अब सहमति मिल गई है।
चार साल में पूरी करनी होगी शैक्षिक योग्यता
शिक्षा सचिव रविनाथ रामन के अनुसार खिलाड़ियों को शैक्षिक योग्यता में कोई स्थायी छूट नहीं दी जाएगी। विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा ने बताया कि खिलाड़ियों को इस शर्त पर नियुक्ति मिलेगी कि वे आवश्यक शैक्षिक अर्हता चार वर्ष के भीतर पूरी करेंगे।
खेल विभाग का कहना है कि इस निर्णय से पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर मिलेगा और प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सकारात्मक माहौल तैयार होगा।