टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के लिए एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली क्षेत्र के अग्निवीर जवान रोहित सिंह रावत (21) जम्मू में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, रोहित सिंह रावत भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स में तैनात थे। 10 जून की सुबह ड्यूटी के दौरान सर्विस राइफल से गोली लगने की घटना में उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह करीब एक वर्ष पहले अग्निवीर योजना के तहत सेना में भर्ती हुए थे। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद हाल ही में उनकी पहली तैनाती जम्मू में हुई थी।
पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
शहीद रोहित सिंह रावत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंच चुका है। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और आसपास के क्षेत्रों के लोग उनके घर पहुंच रहे हैं। गांव में शोक का माहौल है और हर आंख नम दिखाई दे रही है।
पूरे सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
शहीद जवान का अंतिम संस्कार उनके पैतृक घाट बिनपुला में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। सेना और प्रशासन की ओर से अंतिम विदाई की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रोहित सिंह रावत के असमय निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च समर्पण बताया।