देहरादून। उत्तराखंड और देश के खेल जगत के लिए बेहद दुखद खबर है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने वाले दिग्गज निशानेबाज और भारतीय पिस्टल टीम के हाई-परफॉर्मेंस कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से उत्तराखंड सहित पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से भारत लौटने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। नई दिल्ली पहुंचने पर उन्हें साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। उनके निधन की पुष्टि नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने की।
टिहरी गढ़वाल जिले के चिलामू गांव निवासी जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने शानदार करियर में एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
खिलाड़ी के साथ-साथ उन्होंने एक सफल कोच के रूप में भी भारतीय निशानेबाजी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। देहरादून के मझोन स्थित उनकी शूटिंग रेंज से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज तैयार हुए। ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर समेत अनेक युवा खिलाड़ियों ने उनके मार्गदर्शन में सफलता हासिल की।
जसपाल राणा का योगदान भारतीय निशानेबाजी के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उनके निधन को खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके निधन पर खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और विभिन्न संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।