‘IIT बाबा’ अभय सिंह ने रचाई शादी, कर्नाटक की इंजीनियर प्रतीका संग नई जिंदगी की शुरुआत

‘IIT बाबा’ अभय सिंह ने रचाई शादी, कर्नाटक की इंजीनियर प्रतीका संग नई जिंदगी की शुरुआत

झज्जर। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान चर्चाओं में आए ‘IIT बाबा’ के नाम से मशहूर अभय सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी है। अभय सिंह ने कर्नाटक की रहने वाली इंजीनियर प्रतीका के साथ विवाह कर नई जीवन यात्रा की शुरुआत की है।

सूत्रों के मुताबिक, अभय सिंह ने 15 फरवरी 2026 को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में शादी की थी। इसके बाद 19 फरवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की। शादी के बाद दोनों कुछ समय हिमाचल में रहे और फिर पहली बार अपने पैतृक घर झज्जर पहुंचे।

झज्जर पहुंचने पर अभय सिंह अपनी पत्नी के साथ तहसील गए, जहां वह अपने एडवोकेट पिता के चैंबर में भी कुछ समय रुके। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनकी रुचि शुरू से ही अध्यात्म में रही है, हालांकि पढ़ाई के दौरान वे कानूनी प्रक्रियाओं को भी समझते थे।

पत्नी प्रतीका ने क्या कहा
प्रतीका ने बताया कि अभय सिंह बेहद सरल, ईमानदार और सच्चे स्वभाव के व्यक्ति हैं। उन्होंने कहा कि वह कर्नाटक से हैं और करीब एक साल पहले दोनों की मुलाकात हुई थी। प्रतीका ने बताया कि उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और अब दोनों मिलकर सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगेl

सनातन यूनिवर्सिटी बनाने की योजना
अभय सिंह ने बताया कि वह एक “सनातन यूनिवर्सिटी” बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं, जहां आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ आध्यात्मिक ज्ञान और साधना को भी शामिल किया जाएगा।
गौरतलब है कि हरियाणा के रहने वाले अभय सिंह महाकुंभ के दौरान संन्यासी वेश में नजर आए थे और उन्होंने आईआईटी से पढ़ाई का दावा किया था, जिसके बाद उन्हें ‘IIT बाबा’ के नाम से पहचान मिली। अब शादी के बाद उनका यह नया अध्याय चर्चा का विषय बना हुआ है।