ग्राफेस्ट-26 दूसरा दिन: तकनीकी, रोमांच और सांस्कृतिक टैलेंट का अनूठा प्रदर्शन

ग्राफेस्ट-26 दूसरा दिन: तकनीकी, रोमांच और सांस्कृतिक टैलेंट का अनूठा प्रदर्शन

कार रेसिंग से AI तक, टेक्नोलॉजी टैलेंट से कल्चरल इवेंट्स, और फिर सांस्कृतिक रंगों से सजा मंच

देहरादून, 16 अप्रैल। ग्राफेस्ट-26 का दूसरा दिन तकनीक, रोमांच, रहस्य और रचनात्मकता का शानदार संगम बनकर सामने आया। कार रेसिंग की रफ्तार, ‘सीआईडी फाइल्स’ की दिलचस्प जांच-पड़ताल और इनोवेटिव कुकिंग प्रतियोगिताओं ने पूरे आयोजन को बेहद आकर्षक बना दिया। वहीं, शाम होते-होते सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगीन प्रस्तुति ने माहौल को और भी जीवंत कर दिया।

देश-विदेश के छात्रों का दमदार प्रदर्शन

देश के 17 राज्यों समेत विदेशों से आए छात्र-छात्राओं ने इस दिन अपनी तकनीकी और सांस्कृतिक प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। ग्राफ़िक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी का परिसर विभिन्न गतिविधियों से गुलजार नजर आया, जहां हर कोना नवाचार और हुनर की झलक पेश कर रहा था।

आरसी कार रेसिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने रिमोट कंट्रोल कारों के जरिए अपनी तकनीकी समझ और नियंत्रण कौशल का प्रदर्शन किया। हाई-स्पीड नेविगेशन और स्मार्ट डिजाइन के तालमेल ने इस प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया। इसमें ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की टीम ‘इंडर’ ने प्रथम, टीम ‘मार्क-II’ ने द्वितीय और ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की टीम ‘पूर्वांचल’ ने तृतीय स्थान हासिल किया।

एआई मॉडल प्रतियोगिता ‘द न्यूरल नेक्सस’ में प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के जरिए वास्तविक समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। इमेज प्रोसेसिंग, नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और डेटा एनालिसिस जैसे क्षेत्रों में छात्रों की तकनीकी गहराई और रचनात्मक सोच स्पष्ट नजर आई। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने भागीदारी की।

प्रतियोगिताओं में दिखा टैलेंट और रचनात्मकता

कुलिनरी प्रतियोगिता में सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतिभागियों ने स्वाद और प्रस्तुति का शानदार मेल दिखाया। कोरियन, इंडियन और इटैलियन व्यंजनों की खुशबू से परिसर महक उठा। प्रतियोगिता में प्रियांशु और जुनैरा ने प्रथम, नवदीप और सुजल ने द्वितीय तथा गर्वित और अभिनव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

‘सीआईडी फाइल्स’ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं क्राइम सीन की बारीकियों को समझते हुए सुरागों के जरिए सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास करते नजर आए। वहीं, ‘ब्लॉसम इन हार्मनी’ प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने फूलों और पत्तियों से आकर्षक फ्लोरल अरेंजमेंट तैयार कर कला और सौंदर्य का अनोखा प्रदर्शन किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

शाम ढलते ही ग्राफेस्ट का माहौल पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग गया। बैंड वॉर, सोलो इंस्ट्रुमेंटल, क्लासिकल डांस और ग्रुप डांस प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपने प्रदर्शन से ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।

सांस्कृतिक संध्या में डॉ० कमल घनशाला सहित संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षक और हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। दिनभर चली गतिविधियों और शाम की रंगारंग प्रस्तुतियों ने ग्राफेस्ट-26 के दूसरे दिन को यादगार बना दिया।