कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी, कोटद्वार में शुक्रवार को “समृद्ध राष्ट्र के लिए संस्कार युक्त नशा मुक्त युवा” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एंटी ड्रग सेल और स्वीप क्लब के संयुक्त तत्वावधान में कण्व संस्कार शाला के अंतर्गत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी मौजूद रहे, जबकि प्रमुख समाजसेवी सत्यनारायण थपलियाल मुख्य वक्ता और प्रकाश चंद कोठारी विशिष्ट वक्ता के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा सुरेंद्र लाल आर्य और नागेंद्र उनियाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार साझा किए।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 10 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें कुमकुम भारद्वाज ने प्रथम, शिखा नेगी ने द्वितीय, हिमांशु नौटियाल ने तृतीय और गरिमा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। चयनित प्रतिभागी अब मुख्य प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. हरिश्चंद्र ने युवाओं से नशा मुक्त और संस्कारयुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही सभी को नशा मुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।
मुख्य अतिथि प्रो. डी.एस. नेगी ने नशे को समाज के पतन का कारण बताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की। वहीं वक्ताओं ने भी अपने संबोधन में युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनुराग शर्मा ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के कई प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।