CSD कैंटीन होगी ऑनलाइन, फौजी और पूर्व सैनिक अब घर बैठे कर सकेंगे सामान की खरीदारी

CSD कैंटीन होगी ऑनलाइन, फौजी और पूर्व सैनिक अब घर बैठे कर सकेंगे सामान की खरीदारी

नई दिल्ली। सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब वे जल्द ही सीएसडी (कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट) कैंटीन का सामान घर बैठे मंगा सकेंगे। रक्षा मंत्रालय इस सुविधा को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की तर्ज पर शुरू करने की तैयारी कर रहा है।

वर्तमान में सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों को सीएसडी कैंटीन से सामान खरीदने के लिए स्वयं कैंटीन तक जाना पड़ता है। देशभर में मौजूद इन कैंटीनों से उन्हें दैनिक जरूरत का सामान बाजार दर से 30 से 35 प्रतिशत तक सस्ता मिलता है।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, सीएसडी को अब ऑनलाइन पोर्टल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ता घर बैठे सामान ऑर्डर कर सकेंगे। इसके लिए डिलीवरी सिस्टम भी तैयार किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि देशभर में सीएसडी के 34 डिपो हैं और करीब सवा करोड़ उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ उठाते हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उन सैन्य परिवारों को विशेष सुविधा मिलेगी, जो सीएसडी कैंटीन से दूर रहते हैं।

मंत्रालय का लक्ष्य इस सेवा को वर्ष के अंत तक शुरू करने का है। इसके बाद सैन्यकर्मी और उनके परिजन ऑनलाइन माध्यम से आसानी से सीएसडी कैंटीन का सामान मंगा सकेंगे, जिससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।