टिहरी में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी गाड़ी, 8 की मौत…

टिहरी में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी गाड़ी, 8 की मौत…

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर नैल के पास हुआ, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।


जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। वाहन में कुल दस लोग सवार थे, जिनमें से दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी
बताया जा रहा है कि सभी यात्री घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे। वे हरिद्वार में किसी परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

राहत-बचाव में आईं चुनौतियां
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। खाई गहरी होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। देर शाम तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा।

एक ही दिन में कई हादसे
गौरतलब है कि उसी दिन उत्तराखंड में अन्य सड़क दुर्घटनाएं भी सामने आईं। भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर भी एक कार खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

गांवों में पसरा मातम
इस हादसे के बाद घनसाली क्षेत्र के कई गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। पहले से शोक में डूबे परिवारों पर यह दूसरा बड़ा आघात पड़ा है। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।