देहरादून में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 चोरी की वारदातों का खुलासा, 40 लाख का माल और नकदी बरामद

देहरादून में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 5 चोरी की वारदातों का खुलासा, 40 लाख का माल और नकदी बरामद

देहरादून। सेलाकुई थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान, 3.90 लाख रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी का सामान बेचकर अर्जित 2.50 लाख रुपये मिलने पर पुलिस ने आरोपियों का बैंक खाता भी फ्रीज कर दिया है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार विकास और सुमित कुमार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने सेलाकुई क्षेत्र में बंद पड़े घरों में पांच चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपियों की निशानदेही पर उनके किराए के कमरे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान और नकदी बरामद की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी दिन में बंद घरों की रेकी करते थे और रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गर्मी की छुट्टियों के दौरान लोगों के घरों से बाहर रहने का फायदा उठाकर वे चोरी करते थे।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है और उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।