देहरादून, 14 अक्टूबर। राजधानी देहरादून के प्रतिष्ठित दून क्लब स्थित हांडी रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। रसोई और स्टोर रूम में कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी, सड़ी-गली सब्जियां, कई दिन पुरानी खाद्य सामग्री और गंदगी मिलने पर संयुक्त निरीक्षण टीम ने रेस्टोरेंट को तत्काल बंद करा दिया। संचालक को कमियां दूर करने के लिए 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को न्यू सर्वे रोड, करणपुर स्थित रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सामग्री के भंडारण, रसोई की स्वच्छता और साफ-सफाई में गंभीर खामियां मिलीं।
फ्रीजर में मिलीं सड़ी सब्जियां, कई दिन पुरानी सामग्री
निरीक्षण के दौरान करीब एक सप्ताह पुरानी मोमोज और चाउमीन की सामग्री, दो दिन पुराने चावल तथा दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा मिला। डीप फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी हुई पाई गईं। मसालों की थैलियों को चूहों द्वारा कुतरा हुआ पाया गया।
बर्तन धोने वाले क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा मिला। नालियां जाम थीं और ड्रेनेज व्यवस्था भी खराब पाई गई। इसके अलावा कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल प्रमाणपत्र और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराई गई।
बासी खाद्य सामग्री नष्ट, तीन नमूने जांच को भेजे
टीम ने मौके पर करीब पांच किलो बासी चावल, 15 किलो सब्जियां, दो किलो मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई। वहीं, पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया गया है। निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं करने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित करने सहित नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने प्रतिष्ठित संस्थान में इस तरह की अनियमितताओं को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि दून क्लब में वीवीआईपी और गणमान्य लोगों का आवागमन रहता है, इसलिए भोजन की तैयारी, भंडारण और स्वच्छता में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है।
निरीक्षण दल में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव और रमेश सिंह तथा अभिहित अधिकारी मनीष सयाना शामिल रहे। मौके पर दून क्लब के अध्यक्ष मनोज सूरी भी मौजूद थे।