श्वेता चौबे ने संभाला टिहरी SSP का कार्यभार, कानून-व्यवस्था को बताया प्राथमिकता

श्वेता चौबे ने संभाला टिहरी SSP का कार्यभार, कानून-व्यवस्था को बताया प्राथमिकता

नई टिहरी: जनपद टिहरी गढ़वाल की नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने रविवार को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें पुलिस बल द्वारा सलामी दी गई।

अधिकारियों संग की बैठक

सलामी ग्रहण करने के बाद SSP ने जनपद के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी व निष्ठा के साथ कार्य करने और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अभिलेखों, कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर जोर दिया।

अभियान होंगे और प्रभावी

SSP ने निर्देश दिए कि जनपद में चल रहे नशा उन्मूलन, साइबर अपराध रोकथाम, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया।