चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में गोपेश्वर-चोपता मोटर मार्ग पर सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे दो जवान घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
घायलों की पहचान जांबाज सिंह (29 वर्ष), निवासी भिवानी (हरियाणा) और धवन सिंह (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जोशीमठ स्थित सिग्नल कंपनी में तैनात हैं। डॉक्टरों के अनुसार जांबाज सिंह को सिर में हल्की चोट आई है, जबकि धवन सिंह के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह बेहोशी की हालत में है।
धवन सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। इसके बाद सेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल जवान को एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि धवन सिंह अग्निवीर के रूप में सेना में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और सेना के अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।