दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का फायदा, बस किराए में 25% तक कटौती, सफर हुआ सस्ता और तेज

दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का फायदा, बस किराए में 25% तक कटौती, सफर हुआ सस्ता और तेज

देहरादून। दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। अब इस मार्ग पर बसों का किराया भी कम कर दिया गया है, जिससे दिल्ली की यात्रा न केवल तेज हुई है बल्कि सस्ती भी हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अप्रैल को एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किए जाने के बाद इसे सार्वजनिक वाहनों के लिए खोल दिया गया था। इसके बाद उत्तराखंड परिवहन निगम ने इस मार्ग पर बसों का संचालन शुरू कर दिया है।

नई दरों के अनुसार, वाया एक्सप्रेसवे चलने वाली वॉल्वो बस का किराया 945 रुपये से घटाकर 709 रुपये कर दिया गया है। वहीं एसी बस का किराया 704 रुपये से घटकर 557 रुपये और साधारण बसों का किराया 420 रुपये से घटाकर 355 रुपये कर दिया गया है।

एक्सप्रेसवे के जरिए अब देहरादून से दिल्ली की दूरी करीब तीन घंटे में तय हो रही है, जबकि पहले इस सफर में लगभग पांच घंटे लगते थे। परिवहन निगम ने फिलहाल इस रूट पर करीब 16 बसों का संचालन शुरू किया है।
निगम द्वारा पहले ट्रायल के तौर पर कुछ बसें इस मार्ग से चलाई गई थीं, जिनके बेहतर परिणाम सामने आए। यात्रा समय में कमी के साथ ही प्रति फेरा खर्च भी कम हुआ है, जिसका लाभ यात्रियों को किराया घटाकर दिया गया है।

ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन के अनुसार, एक्सप्रेसवे से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। किराया कम होने के बाद यात्रियों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। आवश्यकता पड़ने पर बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।