टैक्सी चालक की बेटी गीतिका पंत बनी उत्तराखंड टॉपर, 98% अंकों से रचा इतिहास

टैक्सी चालक की बेटी गीतिका पंत बनी उत्तराखंड टॉपर, 98% अंकों से रचा इतिहास

बागेश्वर। उत्तराखंड इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सैज, तहसील रोड निवासी गीतिका पंत ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

गीतिका पंत सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, चौरासी की छात्रा हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
गीतिका के पिता चंद्रशेखर पंत टैक्सी चालक हैं, जो कड़ी मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां रितिका पंत गृहिणी हैं। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।

गीतिका शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं। इससे पहले उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर का स्थान हासिल किया था। लगातार मेहनत और अनुशासन के दम पर उन्होंने इस बार प्रदेश टॉपर बनने का मुकाम हासिल किया।

अपनी सफलता का श्रेय गीतिका अपने माता-पिता और शिक्षकों को देती हैं। उनका कहना है कि स्पष्ट लक्ष्य और ईमानदार मेहनत से हर सपना पूरा किया जा सकता है।

गीतिका का सपना इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल क्षेत्र का नाम रोशन किया है, बल्कि अन्य छात्रों, खासकर बेटियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।