सोमेश्वर पीजी कॉलेज में दीक्षारम्भ कार्यक्रम, छात्रों को मिली नई शिक्षा प्रणाली की जानकारी

सोमेश्वर पीजी कॉलेज में दीक्षारम्भ कार्यक्रम, छात्रों को मिली नई शिक्षा प्रणाली की जानकारी

सोमेश्वर। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के अध्ययन केंद्र, हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सोमेश्वर में सोमवार को दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य प्रो. कमला डी. भारद्वाज ने की।

कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें केंद्र समन्वयक डॉ. अमिता प्रकाश ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा प्रणाली और असाइनमेंट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन सह-समन्वयक डॉ. शालिनी थापा ने किया।

इस दौरान डॉ. राकेश पाण्डे ने काउंसलिंग प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से नियमित सहभागिता और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग की अपील की। वहीं डॉ. विवेक कुमार आर्या ने एबीसी-आईडी और डीईबी-आईडी निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सी.पी. वर्मा ने विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन सुविधाओं, अध्ययन वीडियो और अन्य डिजिटल संसाधनों की जानकारी दी। कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा भट्ट, डॉ. नीता टम्टा, डॉ. महेश चन्द्र, डॉ. देवकी नन्दन गहतोड़ी, डॉ. विपिन चन्द्र, डॉ. भावना और डॉ. हर्षा रावत ने भी छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का समाधान कर सक्रिय सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर निशुल्क पुस्तक मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों में सीखने और नए अवसरों को समझने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।