RBI JE भर्ती 2026: 11 पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता, सैलरी और पूरी प्रक्रिया

RBI JE भर्ती 2026: 11 पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता, सैलरी और पूरी प्रक्रिया

देहरादून। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने जूनियर इंजीनियर (सिविल/इलेक्ट्रिकल) भर्ती 2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 11 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इंजीनियरिंग क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक शानदार अवसर माना जा रहा है।

इच्छुक उम्मीदवार 16 अप्रैल 2026 से 6 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से होगी, जिसके लिए उम्मीदवारों को RBI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करना होगा।

योग्यता और अनुभव
जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रिकल या इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में न्यूनतम 3 वर्ष का डिप्लोमा 65% अंकों के साथ होना आवश्यक है। आरक्षित वर्ग के लिए यह न्यूनतम अंक 55% निर्धारित किए गए हैं।
वहीं, डिग्री धारकों के लिए न्यूनतम 55% अंक (आरक्षित वर्ग के लिए 45%) जरूरी हैं। साथ ही डिप्लोमा धारकों को 2 वर्ष और डिग्री धारकों को 1 वर्ष का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है।

आयु सीमा
अभ्यर्थी की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का जन्म 2 अप्रैल 1996 से पहले और 1 अप्रैल 2006 के बाद नहीं होना चाहिए। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी।

चयन प्रक्रिया
चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 6 जून 2026 को ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जो 300 अंकों की होगी। इसमें अंग्रेजी, इंजीनियरिंग विषय, सामान्य बुद्धिमत्ता और रीजनिंग से कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे।
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट (LPT) के लिए बुलाया जाएगा।

वेतन और आवेदन शुल्क
चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआती बेसिक वेतन 47,700 रुपये प्रति माह दिया जाएगा, जो भत्तों सहित करीब 91,309 रुपये तक पहुंच सकता है।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 450 रुपये, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिकों के लिए 50 रुपये निर्धारित किया गया है।
RBI की यह भर्ती न केवल आकर्षक वेतन बल्कि प्रतिष्ठित संस्था में काम करने और बेहतर करियर ग्रोथ का अवसर भी प्रदान करती है। ऐसे में योग्य उम्मीदवारों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने की सलाह दी गई है।