हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने वर्ष 2026 के लिए भर्ती परीक्षाओं का विस्तृत कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कुल 22 महत्वपूर्ण परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित की गई हैं, जिससे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की योजना बनाने में आसानी होगी।
जारी कैलेंडर के अनुसार, उत्तराखंड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा 2023 की मुख्य परीक्षा 21 से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी। वहीं उत्तराखंड सम्मिलित राज्य (सिविल) / प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा 27 से 30 अप्रैल 2026 के बीच कराई जाएगी।
इसके अलावा समीक्षा अधिकारी, राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता सहित विभिन्न विभागों के कई पदों के लिए परीक्षाओं का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पूरा परीक्षा कैलेंडर ध्यानपूर्वक देखें और उसी के अनुसार अपनी तैयारी सुनिश्चित करें।
यूकेपीएससी द्वारा परीक्षा कार्यक्रम जारी होने से राज्य के हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है, जो लंबे समय से परीक्षाओं की तिथियों का इंतजार कर रहे थे।