देहरादून। उत्तराखंड के स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे राज्य के प्रतिभाशाली बालक-बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक आवेदन कर सकते हैं।
राज्य के प्रमुख आवासीय खेल संस्थानों—महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून, श्री हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, पिथौरागढ़ और बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज, चंपावत—में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाता है।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, तैराकी और आइस स्पोर्ट्स की सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं पिथौरागढ़ स्थित कॉलेज में एथलेटिक्स, फुटबॉल और बॉक्सिंग तथा चंपावत के बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बैडमिंटन और बॉक्सिंग का प्रशिक्षण दिया जाता है।
कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाई ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक उपकरण और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें
निर्धारित पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए (जन्म तिथि 1 जुलाई 2013 से 1 जुलाई 2015 के बीच) और उत्तराखंड का मूल निवासी होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में शारीरिक दक्षता, खेल कौशल और प्रवीणता के आधार पर चयन किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी क्यूआर कोड स्कैन कर या आधिकारिक वेबसाइट से ऑफलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। दक्षता परीक्षा के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 मई 2026 तय की गई है। अधिक जानकारी के लिए विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।