देहरादून। चकराता ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय डिरनाड़ में बिना सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे शिक्षक पर बड़ी कार्रवाई की गई है। शिक्षक हरपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है।
डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि इस मामले में पहले ही जांच के आदेश दिए गए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर उप शिक्षा अधिकारी चकराता से जांच कराई गई, जिसमें शिक्षक के बिना अवकाश स्वीकृत कराए विद्यालय से अनुपस्थित रहने की पुष्टि हुई।
जांच में यह भी सामने आया कि शिक्षक उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने में भी अनियमितता के दोषी पाए गए। इसके आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर बीईओ कार्यालय चकराता से संबद्ध कर दिया है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी चकराता को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।