देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए सीधी उड़ान जल्द, यात्रियों को बड़ी राहत

देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए सीधी उड़ान जल्द, यात्रियों को बड़ी राहत

देहरादून। उत्तराखंड के लोगों के लिए अच्छी खबर है। देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।

केंद्र सरकार ने बढ़ाई प्रक्रिया
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि इस प्रस्ताव को सभी घरेलू एयरलाइंस के साथ साझा कर दिया गया है।
बताया गया कि मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में इन प्रमुख धार्मिक शहरों के लिए हवाई संपर्क बढ़ाने का अनुरोध किया था, जिसके बाद मंत्रालय ने इस पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पहले से 254 उड़ानें संचालित
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, वर्तमान में देहरादून से देश के विभिन्न शहरों के लिए प्रति सप्ताह लगभग 254 उड़ानें संचालित हो रही हैं। विमानन क्षेत्र में उदारीकरण के तहत एयरलाइंस अपने व्यावसायिक निर्णयों के आधार पर नए रूट तय करती हैं।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
सरकार का मानना है कि देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू होने से धार्मिक और पर्यटन दोनों क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे यात्रियों को आसान और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और आने वाले समय में कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।