पिथौरागढ़। Munsiyari क्षेत्र से बाल विवाह का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय किशोरी ने बच्चे को जन्म दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों जिला महिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मुनस्यारी तहसील के एक गांव से 11 अप्रैल को प्रसव पीड़ा होने पर किशोरी को अस्पताल लाया गया। भर्ती के दौरान दस्तावेजों की जांच में उसकी उम्र महज 14 वर्ष सामने आई, जिससे अस्पताल प्रशासन भी हैरान रह गया। जांच के बाद अल्ट्रासाउंड में किशोरी के लगभग 8 महीने की गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद 13 अप्रैल की शाम किशोरी ने बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं और निगरानी में रखे गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने किशोरी के कथित पति के खिलाफ POCSO Act के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
बाल संरक्षण समिति के पदाधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का हाल जाना और मामले पर नजर बनाए रखने की बात कही है।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में जारी बाल विवाह की समस्या को उजागर करती है। विशेषज्ञों के अनुसार, कम उम्र में गर्भधारण लड़कियों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है, ऐसे में इस पर सख्ती से रोक लगाना बेहद जरूरी है।