बदरीनाथ धाम के कपाट खुले, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई चारधाम यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बदरीनाथ धाम के कपाट खुले, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई चारधाम यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

चमोली: भगवान श्री बदरीनाथ के कपाट गुरुवार प्रातः 6 बजकर 15 मिनट पर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम भक्ति और श्रद्धा के रंग में डूब गया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा

कपाट खुलने के साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कराई। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की।

व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत किया और यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छ और हरित यात्रा में सहयोग करने की अपील भी की।

लोक संस्कृति की झलक

इस पावन अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर परिसर में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया। भजन-कीर्तन और लोक संस्कृति की झलक से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

भंडारे का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ने धाम में संचालित भंडारे का शुभारंभ भी किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की सराहना की।

चारधाम यात्रा के आगाज के साथ ही बदरीनाथ धाम में आस्था, परंपरा और बेहतर व्यवस्थाओं का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए एक दिव्य अनुभव साबित हो रहा है।