देहरादून। परिवहन विभाग जल्द ही ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाओं को और आसान बनाने जा रहा है। विभाग ने सारथी पोर्टल से संबंधित सेवाओं में आधार आधारित सत्यापन लागू करने का निर्णय लिया है, जिससे लोगों को कई कार्य घर बैठे ही करने की सुविधा मिल सकेगी।
अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह ने बताया कि इस व्यवस्था को लागू करने के लिए एनआईसी से अनुरोध किया गया है और अगले 15 से 20 दिनों में इसे शुरू करने की तैयारी है। इसके लागू होते ही नए ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले लोग लर्निंग लाइसेंस के आधार पर घर बैठे ही आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि आधार आधारित सत्यापन अपनाने वाले लोगों को फोटो, हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हालांकि, नए लाइसेंस या लाइसेंस की श्रेणी में बदलाव के लिए अभ्यर्थियों को ड्राइविंग टेस्ट देना होगा, जिसके लिए कार्यालय आना अनिवार्य रहेगा।
घर बैठे होंगे कई काम
नई व्यवस्था लागू होने के बाद लोग दस्तावेजों के नवीनीकरण, डुप्लीकेट लाइसेंस प्राप्त करने, पते में बदलाव जैसे कई छोटे-मोटे कार्य ऑनलाइन कर सकेंगे। आधार नंबर और उससे जुड़े मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी के जरिए ही पूरा सत्यापन किया जाएगा।
ऑनलाइन डाउनलोड की सुविधा
आधार वेरिफिकेशन के बाद जारी किए गए दस्तावेजों को आवेदक तुरंत ऑनलाइन डाउनलोड भी कर सकेंगे। हालांकि, हार्ड कॉपी के लिए फिलहाल कार्यालय आना होगा। विभाग भविष्य में पोस्टल सुविधा शुरू करने पर भी काम कर रहा है, ताकि दस्तावेज सीधे घर तक पहुंचाए जा सकें।
वेबसाइट पर मिलेगी पूरी जानकारी
परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर आधार आधारित सत्यापन का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा। इसके माध्यम से आवेदक आसानी से प्रक्रिया समझकर आवेदन कर सकेंगे।
विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से न केवल लोगों का समय बचेगा, बल्कि परिवहन सेवाएं अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक भी बनेंगी।