देहरादून। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने स्टेनोग्राफर ग्रेड-सी और ग्रेड-डी के 700 से अधिक पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। चयनित अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में नियुक्ति दी जाएगी।
इच्छुक उम्मीदवार SSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 15 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही 20 और 21 मई को आवेदन पत्र में सुधार का मौका भी मिलेगा।
योग्यता और आयु सीमा
ग्रेड-सी पदों के लिए आयु सीमा 18 से 30 वर्ष और ग्रेड-डी के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट दी जाएगी।
शैक्षिक योग्यता के रूप में उम्मीदवार का 12वीं पास होना अनिवार्य है।
आवेदन शुल्क
सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये आवेदन शुल्क निर्धारित है, जबकि एससी, एसटी और महिला अभ्यर्थियों को शुल्क में छूट दी गई है।
परीक्षा पैटर्न
परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) होगी, जिसमें जनरल इंटेलिजेंस एवं रीजनिंग, सामान्य जागरूकता और अंग्रेजी से कुल 200 अंकों के 200 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
चयन प्रक्रिया
लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को स्किल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा, इसके बाद दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
न्यूनतम पासिंग मार्क्स
सामान्य वर्ग के लिए 30%, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस के लिए 25% और अन्य आरक्षित वर्ग के लिए 20% अंक लाना अनिवार्य होगा।
यह भर्ती 12वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका मानी जा रही है।