देहरादून। उत्तराखंड में होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय ने राज्यभर में 920 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार सभी जिलों में आरक्षण के आधार पर रिक्तियों का निर्धारण कर लिया गया है। इनमें सबसे अधिक पद देहरादून और हरिद्वार जिलों में रखे गए हैं। भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी।
भर्ती से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। 30 अप्रैल को आधिकारिक विज्ञापन जारी किया जाएगा, जबकि 1 मई को इसे अखबारों में प्रकाशित किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 22 मई तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 23 मई से 4 जून तक आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी और 6 जून से शारीरिक मापतोल (फिजिकल टेस्ट) की प्रक्रिया शुरू होगी।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पूरी भर्ती प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि भर्ती प्रक्रिया में शामिल अभ्यर्थियों के परिजनों की ड्यूटी न लगाई जाए।
सरकार का कहना है कि इस भर्ती के माध्यम से राज्य में होमगार्ड बल को और मजबूत किया जाएगा, साथ ही युवाओं को रोजगार का अवसर भी मिलेगा।