एकता दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने समस्त पुलिस बल को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई

एकता दिवस के अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने समस्त पुलिस बल को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई

रेनबो न्यूज़ इंडिया * 31 अक्टूबर 2021

Dehradun: दिनांक 31 अक्टूबर, 2021 देश के पहले गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म जयन्ती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड द्वारा पुलिस मुख्यालय प्रांगण में उपस्थित समस्त पुलिस बल को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। 

महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता और कड़े निर्णयों से ही देश की एकता और अखण्डता सम्भव हुई है। हम सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने और देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने को संकल्पित रहना है।

इस अवसर पर गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वर्ष 2017-18 के लिये केन्द्रीय गृह मंत्री के “अति उत्कृष्ट सेवा पदक’’ एवं ’’उत्कृष्ट सेवा पदक’ हेतु उत्तराखंड पुलिस के घोषित अधिकारियों/कर्मचारियों को अशोक कुमार, पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड द्वारा पदकों से अलंकृत किया गया।

साथ ही उत्कृष्ट विवेचना के लिए उपनिरीक्षक विद्यादत्त जोशी, जनपद ऊधमसिंह नगर एवं उत्कृष्ट अनावरण के लिए निरीक्षक देवेंद्र सिंह नबियाल, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून को दस-दस हजार रुपए के नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन अभिनव कुमार, पुलिस महानिरीक्षक पी/एम- अमित सिन्हा, पुलिस महानिरीक्षक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी गुरूगेशन, पुलिस महानिरीक्षक – कार्मिक ए पी अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, प्रशिक्षण- पूरन सिंह रावत, पुलिस महानिरीक्षक – एसडीआरएफ पुष्पक ज्योति, पुलिस महानिरीक्षक – फायर सर्विस अजय रौतेला सहित समस्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please share the Post to: